Jabalpur News: स्व. डॉ. एसपी दुबे की स्मृति में आमजनों के लिए लगाया गया वाॅटर कूलर, “जल ही जीवन है” का दिया संदेश
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। अखिल भारतीय दर्शन-परिषद् के पूर्व अध्यक्ष और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में दर्शनशास्त्र के पूर्व प्रोफेसर स्व. डॉ. एसपी दुबे की पुण्य स्मृति में आमजन की जल सेवा हेतु उनके पुत्र अधिवक्ता पंकज दुबे द्वारा वाटर कूलर समर्पित किया गया।
यह वाटर कूलर 6 नंबर रेलवे प्लेटफार्म की ओर स्थित एसपी कार्यालय के पास राजा शंकर शाह एवं कुँवर रघुनाथ शाह स्मृति प्रतिमा स्थल पर स्थापित किया गया है, जिससे प्रतिदिन आने-जाने वाले नागरिकों एवं राहगीरों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उल्लेखनीय है कि पंकज दुबे एवं उनके परिवार द्वारा पूर्व में भी जिला न्यायालय, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर, सैनिटाइजर किट एवं फर्स्ट एड किट जैसी जनहितकारी सामग्री भेंट कर समाजसेवा के कार्य किए जाते रहे हैं।
इस अवसर पर पंकज दुबे का परिवार, सुधीर श्रीवास्तव, जगदीश ननहेट, किशोरी लाल भलावी, अजय झरिया, बैजनाथ कुशवाहा, मूलचंद मौर्य, सुरेंद्र लखेरा एवं अजय दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उपस्थितजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में आमजन को शीतल जल उपलब्ध कराना एक अत्यंत पुण्य एवं प्रेरणादायी कार्य है। इस अवसर पर “जल ही जीवन है” का संदेश भी दिया गया तथा जल संरक्षण एवं जनसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।