Jabalpur News: मानेगांव में दीपक से लगी घर में आग
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मानेगांव के गांधी चौक शंकर मंदिर के पास एक घर में अचानक आग की लपटें उठती देख हड़कंप मच गया। तत्काल ही फायर ब्रिगेड सूचना दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम के दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया।
बताया जाता है कि जिस घर में आग लगी था, वहां सीधे दमकल वाहन नहीं पहुंच पा रहा था, लिहाजा लंबे पाइपों के माध्यम से संकरी गलियों के बीच से लेकर दमकल कर्मी मौके तक पहुंचे और आग बुझाई गई। फायर मैन ने बताया कि सुबह 11 बजे पुलिस थाना रांझी से सूचना मिली थी कि गांधी चौक के समीप रहने वाले वीरेंद्र ठाकुर के घर में आग लगी है।
सूचना पर तत्काल फायर वाहन के साथ दल पहुंचा और आग पर काबू पाया गया। परिजनों के मुताबिक आग पूजा स्थल पर रखे दीपक से लगना बताया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि दीपक की बाती चूहे खींचकर ले गए थे, जिससे आग घर में फैल गई। उक्त अग्निदुर्घटना में गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।