Jabalpur News: बड़ी कंपनी की मंहगी चॉकलेट में कीड़ा-फफूंद

Jabalpur News: बड़ी कंपनी की मंहगी चॉकलेट में कीड़ा-फफूंद

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के शहपुरा भिटौनी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्कूली छात्र द्वारा खरीदी गई बड़ी प्रतिष्ठित कंपनी की चॉकलेट में कीड़ा और फफूंद मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शिकायत और कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शहपुरा भटौनी निवासी कक्षा 8वीं के छात्र अंश सेन ने पास की दुकान से 55 रुपए की डेयरी मिल्क चॉकलेट खरीदी थी। घर पहुंचकर जैसे ही उसने चॉकलेट का रैपर खोला, अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। चॉकलेट में मरा हुआ कीड़ा, उसके अंडे और फफूंद दिखाई दी।

बच्चे के परिचित मोनू जसवाल ने बताया कि चॉकलेट खोलते ही उसमें कीड़ा और फफूंद साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि अगर बच्चा इसे खा लेता तो उसकी सेहत को गंभीर नुकसान हो सकता था। परिजनों का कहना है कि डेयरी मिल्क जैसी अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की चॉकलेट में इस तरह की लापरवाही सामने आना चिंताजनक है।

इससे कंपनी की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े होते हैं। परिजनों ने खाद्य विभाग में शिकायत करने और सैंपल जांच कराने की बात कही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चॉकलेट के पैकेट पर एक्सपायरी डेट 8 जून 2026 दर्ज है। यानी उत्पाद अभी वैध अवधि में था, इसके बावजूद इस तरह की गंदगी मिलना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।