Jabalpur News: बंद कमरे में मिली महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश, पति फरार... पुलिस जांच में जुटी
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शुक्रवार को अधारताल थाना अंतर्गत न्यू कंचनपुर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला, तो किचन के अंदर मृतिका नेहा सिंह की लाश पड़ी हुई थी।
चौंकाने वाली बात यह है कि मृतिका के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और उस दुपट्टे का दूसरा सिरा ऊपर पंखे से लटका मिला, जो प्रथम दृष्टया मामले को बेहद गंभीर और संदेहास्पद बना रहा है। पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद से ही मृतिका का पति मयंक सिंह, जो कि अधारताल स्थित एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करता है, मौके से लापता है। वारदात के बाद से पति का अचानक गायब हो जाना पुलिस के शक की सुई को सीधे उसकी ओर घुमा रहा है।
अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली की न्यू कंचनपुर स्थित मकान से दुर्गंध आ रही है। वहीं उक्त मकान में रहने वाले पति-पत्नी नहीं दिख रहे हैं। मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया गया। अंदर महिला की लाश मिली है। वहीं पति नहीं मिला है।
शव डिस्पोज़ होने लगा था, इसलिए ऊपरी तौर पर कोई चोट के निशान नजर नहीं आ रहे। पुलिस फरार पति को मुख्य संदिग्ध मानकर उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पति के मिलने के बाद ही इस अंधे कत्ल या खुदकुशी के रहस्य से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल मामले की सूक्ष्मता से जांच जारी है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DZNjB4SBinM/?igsh=Y3R0YWk3ZW1yd20z