Jabalpur News: फ़रियाद लेकर एसपी आफिस पहुंची महिला को गोलियां खाता देख मचा हड़कंप, अनहोनी की आशंका के चलते पहुंची गई अस्पताल

Jabalpur News: फ़रियाद लेकर एसपी आफिस पहुंची महिला को गोलियां खाता देख मचा हड़कंप, अनहोनी की आशंका के चलते पहुंची गई अस्पताल

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शुक्रवार की सुबह अपनी फरियाद लेकर एसपी आफिस पहुंची एक महिला द्वारा अचानक एक शिशी निकालकर गटागट दवाइयां निगलने से हड़कंप मच गया। महिला को ऐसा करते देख मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ सकते में आ गया। अनहोनी की आशंका के चलते आनन फानन में महिला को जिला अस्पताल विक्टोरिया भेजा गया। महिला अपनी 3-4 साल की मासूम बच्ची को लेकर पहुंची थी।

अधारताल थाना क्षेत्र के धनी कुटिया के समीप रहने वाली अंजू पांडे (उम्र 30-35 वर्ष) ने बताया कि उसके मोहल्ले के कुछ लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। इस संबंध में उसने कई बार अधारताल थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। थक-हारकर वह आज जिला मुख्यालय स्थित एसपी ऑफिस पहुंची थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अपनी छोटी बच्ची के साथ कार्यालय परिसर में खड़ी थी, तभी अचानक उसने अपनी जेब से कुछ गोलियां निकालीं और उन्हें निगल लिया। यह देखकर वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी सकते में आ गए। पुलिस ने तत्काल वाहन की व्यवस्था की और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

विक्टोरिया अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि महिला की स्थिति पूरी तरह स्थिर और वह खतरे से बाहर है। डॉक्टरों के अनुसार, महिला ने अस्थमा (दमा) की करीब 3 से 4 गोलियां खाई थीं, जिनका शरीर पर कोई प्राणघातक प्रभाव नहीं पड़ेगा। दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर अधारताल थाने में महिला की सुनवाई क्यों नहीं हुई और मोहल्ले वालों द्वारा प्रताड़ना के आरोपों में कितनी सत्यता है।