Jabalpur News: ड्यूटी डॉक्टर खाना खाने गए तो लौटे ही नहीं, मनमोहन नगर स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा,देर रात सीएमएचओ ने संभाला मोर्चा
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मनमोहन नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरूवार की देर रात मरीज को लेकर उपचार के लिए पहुंचे परिजनों ने चिकित्सक नहीं मिलने पर हंगामा कर दिया। परिजनों के समर्थन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अस्पताल जा पहुंचे और नारेबाजी शुरू करते हुए मुख्य गेट पर ही धरना दे दिया।
पूरे घटनाक्रम की भनक जैसे ही चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर (सीएमएचओ) लगी वे तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होने ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से चर्चा कर मामले को शांत कराया। वहीं चिकित्सकों को बुलाकर मरीज का इलाज प्रारंभ करवाया। सीएमएचओ ने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वे उक्त मामले की जांच भी कराएं।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सोनू कुकरेले ने बताया कि गुरूवार की शाम एक गर्भवती महिला को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे। लेकिन महिला को वार्ड तक ले जाने के लिए उन्हें स्ट्रेचर तक नहीं मिली। जैसे-तैसे महिला को वार्ड में भर्ती कराया। लेकिन दो घंटे बीत जाने के बाद भी ड्यूटी डॉक्टर महिला के उपचार के लिए नहीं पहुंचे।
स्टॉफ से पूछने पर पता चला कि डॉक्टर तो उपस्थित ही नहीं हैं। वहीं देखने में यह भी आया कि स्वास्थ्य केंद्र में सफाई कर्मी मरीज का बीपी चेक कर रही थी। इस अव्यवस्था भरे माहौल को लेकर परिजनों ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। जिनके समर्थन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए ड्यूटी से गायब चिकित्सक को निलंबित किए जाने की मांग की।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DYo4GfwR_dz/?igsh=MTgwcGQ0bTJmZ2FjNg==
इधर, सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सक के संबंध में जानकारी ले गई है। स्टॉफ के बताए अनुसार डॉक्टर खाना खाने घर गए हुए थे, उसके बाद वे वापस नहीं आए। लिहाला चिकित्सक से उक्त मामले में पक्ष लेने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। वहीं सफाई कर्मी द्वारा बीपी चेक किए जाने के संबंध में जो आरोप लगाए गए हैं उसकी भी जांच कराई जाएगी। सीएमएचओ ने इस बात को स्वीकर किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टॉफ व व्यवस्थाओं में कुछ कमी है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही उसे दूर कर लिया जाएगा।