Jabalpur News:फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से युवतियों को ब्लैकमेल करने वाले को पुलिस ने नागपुर से दबोचा
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सैकड़ों युवतियों को अपने जाल में फंसाता था और उनकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे और शारीरिक संबंध की मांग करता था।
मामला बरगी थाना क्षेत्र का है, जहां 11 मार्च को 23 वर्षीय युवती ने थाना बरगी में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि साहिल विश्वकर्मा नाम का युवक उसकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर कई युवतियों को ब्लैकमेल करता था और वारदात के बाद नागपुर में छिपा हुआ था। बरगी पुलिस की टीम नागपुर पहुंची और आरोपी साहिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DV7tgI7EXa-/?igsh=M3BjaXR4YnF6YzIy
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह सैकड़ों युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, ओटीजी और कई सिम कार्ड भी जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।