Jabalpur Breaking News: कछपुरा ओवरब्रिज में तेज रफ्तार मेट्रो बस ने महिलाओं को कुचला, 1 की मौत 1 गंभीर
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शुक्रवार की दोपहर गढ़ा कछपुरा ओवरब्रिज में एक तेज रफ्तार मेट्रो बस ने बाइक सवार 2 महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक महिला बस के पहिए में फंस कर कुछ दूर तक घिसटती चली गई। जिसके चलते उसके सिर पर पहुंची गंभीर चोट कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक यादव कॉलोनी निवासी कविता पटेल अपनी बेटी और दामाद के साथ बाइक से गढ़ा की ओर जा रही थीं। दोपहर करीब 2 बजे जब उनकी बाइक कछपुरा ब्रिज की ढाल से नीचे उतरी, तभी सामने से आ रही मेट्रो बस के चालक ने अचानक लापरवाही से यू-टर्न ले लिया।
चालक की इस खतरनाक हरकत से बाइक सीधे बस की चपेट में आ गई।हादसे में 42 वर्षीय कविता पटेल की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी और दामाद घायल हो गए। <हादसा इतना दर्दनाक था कि राहगीरों के रोंगटे खड़े हो गए। बताया जाता है कि पहिए में घिसटती महिला का सिर बुरी तरह कुचल गया था और भेजा बाहर आ गया था।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाते हुए आरोपी बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी एकत्रित किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना करने वाले मेट्रो वाहन का नंबर MP-20-PA-1271 है।