Jabalpur News: श्रम संगठनों की देशव्यापी हड़ताल, आयुध निर्माणियों में बरसात के बीच प्रदर्शन

Jabalpur News: Nationwide strike by labor organizations, demonstration in ordnance factories amid rain

Jabalpur News: श्रम संगठनों की देशव्यापी हड़ताल, आयुध निर्माणियों में बरसात के बीच प्रदर्शन

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बुधवार को शहर कहीं रैली कहीं नारेबाजी तो कहीं काम का बहिष्कार। केंद्रीय श्रम संगठनों के आव्हान पर हुई आज हड़ताल का शहर में असर दिखा। सुरक्षा संस्थान, रेलवे, बैंक, डाक आदि की सेवाएं प्रभावित रहीं। कर्मचारियों की मांग है कि श्रम कानूनों में परिवर्तन, नई पेंशन योजना, यूनिफाइड पेंशन योजना, लगातार हो रहे मजदूरों का शोषण बंद हो। इन मांगों के समर्थन में एक दिवसीय आम हड़ताल की घोषणा की गई थी।

उक्त आव्हान के चलते शहर में स्थित आयुध निमर्माणियों में कर्मचारियों ने एक घंटे कार्य का बहिष्कार करते हुए सुबह विरोध प्रदर्शन कर किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान जोरदार बरसात हो रही थी, लेकिन यूनियन कार्यकर्ता अपने स्थानों में डटे रहे। हड़ताल के चलते बैंकिंग, डाक सेवाएं प्रभावित रही। आज केंद्रीय और सेक्टोरल ट्रेड यूनियनों से जुड़े 25 करोड़ से ज्यादा मजदूरों की देशव्यापी हड़ताल में प्रत्यक्ष या फिर सांकेतिक रूप से शामिल हैं।

हौसले को मात नहीं दे सकी बरसात

हड़ताल को अपनी पूर्ण समर्थन देते हुए आज आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके), वाहन निर्माणी जबलपुर (वीएफजे), आयुध निर्माणी जबलपुर (ओएफजे) एवं गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) में एआई डीईएफ, आईएनटीयूसी एवं आईएनडीडब्ल्यूएफ फेडरेशनों द्वारा सुबह 1 घंटे तक काम का बहिष्कार किया। सुबह 7.30 बजे भारी बारिश के बीच निर्माणियों के सभी द्वारों पर यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित होकर जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से मांग रखी के श्रम कानूनों में कोई भी परिवर्तन मंजूर नहीं है, पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है अतः पुरानी पेंशन लागू करना होगा। इस आंदोलन में कर्मचारियों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। एआईडीईएफ के संगठन मंत्री अनंब दासगुप्ता ने फेडरेशन से जुड़ी सभी यूनियनों को इस शानदार प्रदर्शन और इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद प्रेषित किया है। 

चार मांगों को लेकर एकता

आईएनडीडब्लूएफ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अरुण दुबे ने बताया आज की राष्ट्रव्यापी हड़ताल श्रमिक विरोधी नए लेबर कोड्स का विरोध सहित चार मांगों प्रमुख मांगों को लेकर किया जा रही है। फेडरेशन के संगठन मंत्री आनंद शर्मा ने बताया कि 9 जुलाई को सुबह 7.45 से 8.45 बजे तक एक घंटे का विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में राकेश रंजन, अखिलेश पटेल, राकेश शर्मा, अनुपम भौमिक, हृदेश यादव, अनिल गुप्ता आदि उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर संकल्प के साथ विरोध किया सैकड़ों कर्मचारी ने न्याय की लडाई में भाग लिया।

खबर से सम्बंधित वीडियो देखिए -

https://youtu.be/MDm2ir4uko4

वेस्ट सेंट्रल रेलवे ने किया जंगी प्रदर्शन

नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवे मैन द्वारा रेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आज कोटा भोपाल एवं जबलपुर के डीआरएम कार्यालयों में वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ द्वारा जंगी प्रदर्शन किया गया। रैली/धरना/मोर्चा का प्रदर्शन कर बड़े पैमाने पर विरोध कार्यक्रम आयोजित किए गए। मजदूर संघ के प्रवक्ता सतीश कुमार ने बताया कि आज का प्रदर्शन पुरानी पेंशन योजना की बहाली, एनएफआईआर द्वारा सुझाए गए अनुसार 8वें वेतन आयोग के लिए संदर्भ की शर्तों को अंतिम रूप दिया जाना तथा रेलवे में पदों के सृजन पर प्रतिबंध हटाने जैसे अन्य मुद्दे शामिल रहे। आज के प्रदर्शन में लगभग 450 कर्मचारीरी शामिल रहे।