Jabalpur News: CM डॉ. यादव ने मझौली में किए भगवान विष्णु वराह के दर्शन

Jabalpur News: CM Dr. Yadav visited Lord Vishnu Varaha in Majhauli

Jabalpur News: CM डॉ. यादव ने मझौली में किए भगवान विष्णु वराह के दर्शन

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सोमवार की शाम मझौली पहुंचे और यहाँ भगवान विष्णु वराह के दर्शन किए। उन्होंने यहाँ विष्णु वराह मंदिर में पूजा अर्चना की तथा प्रदेश वासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई भी इस अवसर पर उनके साथ थे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव मंडला जिले में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद हेलीकॉप्टर से मझौली पहुंचे थे। मझौली स्थित खेल मैदान में बने अस्थाई हेलीपेड पर पहुँचने पर संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्नोई, भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

जिला मुख्यालय जबलपुर से लगभग 45 किलोमीटर दूर मझौली स्थित विष्णु वराह मंदिर का निर्माण 11 वीं शताब्दी में किया गया था। कालांतर में ध्वस्त हुए कल्चुरी कालीन इस मंदिर का 18 वीं शताब्दी में पुनर्निर्माण किया गया। बताया जाता है कि इस मंदिर में स्थापित भगवान विष्णु वराह की प्रतिमा विश्व की सबसे बड़ी और एकमात्र ऐसी प्रतिमा है जिसकी पूजा होती है। इस विशाल प्रतिमा को भी 11 वीं शती में मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित किया गया था। धार्मिक एवं पौराणिक महत्व का विष्णु वराह मंदिर कला की दृष्टि से भी उत्कृष्ट है और राज्य सरंक्षित स्मारकों में शामिल है।