Jabalpur News:ABVP ने RDVV में लगाई क्लास, 2 घंटे तक कुलगुरु-कुलसचिव से पूछे सवाल
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जबलपुर महानगर द्वारा सोमवार को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) परिसर में विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु 19 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा। इस दौरान ABVP ने विश्वविद्यालय प्रशासन की जमकर क्लास लगाई , जिसमें 2 घंटे तक सवाल - जवाब का दौर चला।यह ज्ञापन कुलगुरु, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) को संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया।
ABVP कार्यकर्ताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्थाएं, परीक्षा परिणामों में अनावश्यक विलंब, पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव, छात्रवृत्ति एवं फीस से संबंधित समस्याएं, डिग्री, माइग्रेशन एवं मार्कशीट के वितरण में देरी, शैक्षणिक कैलेंडर का पालन न होना, तथा मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी अनेक समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं।
इन्हीं समस्याओं को लेकर अभाविप द्वारा 19 सूत्रीय ज्ञापन तथ्यों एवं सहायक दस्तावेजों के साथ तैयार कर प्रशासन के समक्ष रखा गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान जब अभाविप कार्यकर्ता विश्वविद्यालय प्रशासन से चर्चा कर रहे थे। उसी समय कुलगुरु एवं डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर के मध्य प्रशासनिक विषयों को लेकर तीखी नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस घटनाक्रम से यह स्पष्ट होता है कि विश्वविद्यालय के भीतर आंतरिक समन्वय की कमी है।जिसका सीधा असर छात्रों की समस्याओं के समाधान पर पड़ रहा है। ABVP ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी मतभेदों का खामियाजा विद्यार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। ABVP ने प्रशासन से मांग की है कि 19 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए एक स्पष्ट कार्ययोजना जारी की जाए, जिससे छात्रों में विश्वास बने रहे।