Jabalpur News: नीला घोड़ा बांका जोड़ा हात्थ बिच बाज सजाए ने चलो सिंघो चल दर्शन करिए गुरु गोबिंद सिंह आए ने, गुरु गोबिंद सिंह प्रकाशोत्सव पर निकला भव्य नगर कीर्तन

Jabalpur News: नीला घोड़ा बांका जोड़ा हात्थ बिच बाज सजाए ने चलो सिंघो चल दर्शन करिए गुरु गोबिंद सिंह आए ने, गुरु गोबिंद सिंह प्रकाशोत्सव पर निकला भव्य नगर कीर्तन

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। खालसा पंथ के सृजक, सरवंश बलिदानी दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह जी महाराजके पवित्र प्रकाशोत्सव गुरुपर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा प्रेमनगर से भव्य और प्रेरक नगर कीर्तन निकाला गया जोकि महानद्दा, गोरखपुर, कटंगा का भ्रमण करता हुआ जब संध्या बेला में सरबत के भले की अरदास प्रार्थना के साथ गुरुद्वारा सदर में समाप्त हुआ हुआ तब उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुक्ताकाश से पुष्पवर्षा कर अपनी श्रद्धा भक्ति का इजहार किया।

लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, रत्नेश सोनकर, के के सूरी,पार्षद लवलीन काके आनंद, जय लक्ष्मी चक्रवर्ती, कुंवरपाल सिंह शेरू सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों, व्यापारी संघों एवं समाजिक, धार्मिक संगठनों ने नगर कीर्तन का भावभीना अभिनन्दन किया। अनेक संस्थाओं द्वारा मिष्ठान, खीर, फल, एवं जल के स्टाल लगाकर सेवा की गई।

नगर कीर्तन में सर्वाधिक श्रद्धा का केंद्र रहा भांति भांति के विभिन्न पुष्पों से सज्जित स्वर्णिम आभा से युक्त वह रथ जिसमें साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का पवित्र प्रकाश किया गया था। यहां चहुं दिशाओं से प्रसाद वितरित किया जा रहा था, तो वहीं श्रद्धालुगण मिष्ठान के थाल और फल फूल अर्पित कर रहे थे।

पंथ के परंपरागत पंज प्यारों की अगवानी में निकल रहे नगर कीर्तन में सैकड़ों की संख्या में शामिल विभिन्न गुरुद्वारों के कीर्त नी जत्थे, लोक वाद्य यंत्रों पर आस्था और भक्ति भाव के साथ नीला घोड़ा बांका जोड़ा हत्थ बिच बाज सजाए ने, चलो सिंघो चल दर्शन करिए गुरु गोबिंद सिंह आए ने जैसी मनमोहक गुरुवाणी शबद गायन कर गुरुजी का यश अर्चन कर रहे थे। सेवादारों ने समूचे पथ को झाड़ू से बुहार कर पुष्पों से पाट दिया था।

यहां शामिल बैंड दल जहां धार्मिक धुनें गुंजाकर माहौल को भक्तिमय बना रहे थे वहीं विभिन्न खालसा विद्यालयों के छात्रगण हाथों में गुरुजी की पवित्र गुरुवाणी के पोस्टर बैनर लेकर मानवीय एकता का पैगाम दे रहे थे। एन सी सी, गाइड के साथ ही बाल पंज प्यारे भी सजाए गए थे।

पूर्व मंत्री एवं जबलपुर सिख संगत के अध्यक्ष हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, प्रधान प्रभजोत सिंह, लखबीर सिंह, कौमी सिंह, हरिंदर सिंह रेखी, परविंदर सिंह गिल, मदन दुबे, हरजीत सिंह सूदन एवं आयोजन समिति ने आभार व्यक्त किया। मीडिया प्रभारी प्रदीप सिंह भोगल ने बताया कि आगामी 4 जनवरी को गुरुद्वारा प्रेमनगर एवं 5 जनवरी को गुरुद्वारा रांझी में धूमधाम के साथ प्रकाशोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें देश के नामचीन रागी जत्थे एवं कथाकार आदि शिरकत करेंगे।