Jabalpur News: एबीवीपी के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम डॉ यादव, बोले; सामाजिक समरसता केवल बातों में नहीं, कर्मों में दिखाई देना चाहिए

Jabalpur News: एबीवीपी के कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम डॉ यादव, बोले; सामाजिक समरसता केवल बातों में नहीं, कर्मों में दिखाई देना चाहिए

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर‌। नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्‍चरल एंड इंर्फोमेशन सेंटर गीता भवन में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के शिल्पकार स्वर्गीय यशवंत राव केलकर की जन्मशती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ने कहा कि “भारत माता की जय” का नारा सुनते ही रोम-रोम पुलकित हो उठता है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कार्यप्रणाली को अद्भुत और अनुकरणीय बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह संगठन केवल बातों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता को व्यवहार में उतारने का कार्य करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे कॉलेज के सिलेबस के साथ-साथ अपने सांस्कृतिक गौरव को भी समझें और भारत के निर्माण में आगे आकर कार्य करें।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने स्‍व. यशवंत राव केलकर को परिषद के वर्तमान स्वरूप की 'नींव का पत्थर' बताया, जिन्होंने संगठन को गढ़ने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने छात्र जीवन के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि परिषद एक परिवार की तरह है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को सीख दी कि यदि हम छोटा बनकर काम करेंगे, तभी जीवन में बड़े लक्ष्य प्राप्त कर पाएंगे। विद्यार्थी आज का नागरिक है। विद्यार्थियों में जोश के साथ होश का संतुलन बनाये रखने के लिए इसमें शिक्षकों की भूमिका अतुल्‍नीय है। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा स्वामी विवेकानंद और माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ किया गया।

इस दौरान वक्ताओं ने स्‍व. केलकर के जीवन दर्शन और संगठन की विशिष्ट कार्य पद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज किशोर तिवारी ने बताया कि आज विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसका श्रेय स्‍व. केलकर द्वारा विकसित की गई विशिष्ट कार्य पद्धति को जाता है।

उन्होंने कहा कि स्‍व. केलकर केवल उपदेश नहीं देते थे, बल्कि 'जीवंत आदर्श' थे, जो गरीब विद्यार्थियों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते थे और स्वयं सहायता प्रदान करते थे। वक्ताओं ने रेखांकित किया कि विद्यार्थी परिषद एक ऐसी कार्यशाला है जिसने समाज के हर क्षेत्र को नेतृत्व दिया है। 

कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद सुमित्रा बाल्मिक, सांसद आशीष दुबे, विधायक अजय विश्‍नोई, डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, अभाविप के मध्य क्षेत्र के क्षेत्रिय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया, प्रांत अध्यक्ष डॉ. सुनील पांडे, प्रांत मंत्री सुव्रत बज़ल, प्रांत संगठन मंत्री मनोज यादव, प्रांत सह संगठन मंत्री आशीष शर्मा, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा, महानगर संगठन मंत्री प्रभात तिवारी, महानगर मंत्री आर्यन पुंज, प्रांत विश्वविद्यालय संयोजक ऐश्वर्य सोनकर, प्रांत सह मंत्री अनमोल सोनकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पूर्व कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।