Jabalpur News: आज सुबह घटना स्थल से 500 मीटर दूर मिला तनु का शव

Jabalpur News: आज सुबह घटना स्थल से 500 मीटर दूर मिला तनु का शव

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रील बनाने के बाद सोशल मीडिया में पोस्ट करने के बाद ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ की होड़ में 3 बेटियों का जीवन चला गया। रील बनाने के लिए सालीवाड़ा नहर में नहाने गई 4 बच्चियों में से 3 लापरवाही दौरान तेज बहाव में बह गईं। गुरूवार को करीब 5 घंटे के रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ ने 2 बच्चियों की लाश पानी से निकाली थीं। 14 साल की तनु का शव आज सुबह से शुरू हुए रेस्क्यू के बाद घटना स्थल से करीब 500 मीटर रेस्क्यू टीम को मिला है।

मौके पर मौजूद परिजन और स्थानीय लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ता रील का क्रेज और सुरक्षा लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ है। बरगी ने बताया कि बच्चियों की पहचान 16 वर्षीय शीतल पटेल, 14 वर्षीय तनु पटेल और 14 वर्षीय सानिया पटेल के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि इनमें से 2 बच्चियां ग्राम कटिया घाट और एक सालीवाड़ा की रहने वाली थी। सभी बच्चियां सालीवाड़ा में डेलन पटेल की बेटी की शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। सुबह करीब 10 बजे 4 बच्चियां कैनाल में नहाने के लिए गई थीं। बच्चियां नहाने के दौरान अनियंत्रित होकर पानी की मुख्य धारा में जा गिरीं। 

सृष्टि ने साहस दिखाया, निहारिका को बचाया- पानी में सभी लड़किया स्नान कर रही थीं, तभी सभी ने एक राय होते हुए सृष्टि से मोबाइल पर वीडियो-फोटो बनाने के लिए कहा। शीतल, तनु, सानिया और निहारिका पानी में थीं। सृष्टि ने फोटो लेने के दौरान देखा कि पानी के तेज बहाव में सहेलियां बहने लगीं, तभी उसने मोबाइल बाहर रखते हुए सहेलियों को बचाने पानी में छलांग लगा दी, सृष्टि किसी तरह गढा निवासी निहारिका को पानी से बाहर निकाल लाई, लेकिन तब तक अन्य तीनों सहेलियां डूब गई। घटना स्थल के पास कैनाल में एक महिला भी नहाने आई हुई थी, महिला ने बच्चियों को बचाने के लिए अपनी साड़ी का छोर उन तक फेंका लेकिन पानी के बहाव में साड़ी बच्चियों तक नहीं पहुंची और पूरा मामला दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया।

बांध से पानी बंद कराया गया- सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस, तहसीलदार और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया था। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीम के रेस्क्यू आॅपरेशन दौरान नहर में पानी का बहाव कम करने के लिए बरगी बांध से पानी भी बंद कराया गया था। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से चेन बनाकर सर्चिंग अभियान शुरू किया गया था।

पीएम के बाद परिजनों को दिए शव- बरगी पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाइ के बाद सभी शव के पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों को बच्चियों के शव सुपुर्द करते हुए मामले की विस्तृत जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। दर्दनाक हादसे के बाद सृष्टि और निहारिका भी सहमीं हुर्इं हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

जान जोखिम में डाल रही युवा पीढी- सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारी ने बताया कि रील्स बनाने का जुनून युवाओं को जोखिम भरे स्थानों पर ले जाता है, जहां एक पल की लापरवाही जिंदगी भर का मातम बन जाती है। नदी, तालाब, नहरें, ऊंचे पहाड़, हाईवे, पुल, स्टंडबाजी सहित रेलवे ट्रैक पर रील्स बनाने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। परिजनों सहित अन्य जिम्मेदारों को युवाओं को समझाइश देने की जरूरत है। पुलिस-प्रशासन को चिन्हित कुछ स्थानों में सुरक्षा के इंतजाम भी करना चाहिए। 

थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि शादी समारोह में शामिल होने आईं 5 बच्चियां कैनाल में नहाने गई थीं। मोबाइल पर वीडियो-फोटो निकालने के दौरान बच्चियां तेज बहाव में बह गई थीं। लापता तीनों बेटियों के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए हैं। पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।