Jabalpur News: 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा की तारीखों में बड़ा बदलाव
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मध्य प्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा की तारीखों में बड़ा बदलाव किया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के संचालक द्वारा जारी संशोधित समय-सारणी के अनुसार, सत्र 2025-26 की यह परीक्षाएं अब 16 जून से 23 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। इसके तुरंत बाद 24 जून से 28 जून 2026 तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य किया जाएगा।
यह निर्णय मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जबलपुर जिला शाखा के संरक्षक योगेन्द्र दुबे के मार्गदर्शन में आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय को भेजे गए मांग पत्र के बाद लिया गया है। संघ के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अनिल भार्गव और जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने प्रशासन को अवगत कराया था कि छात्रों का अवकाश 15 जून तक है और भीषण गर्मी को देखते हुए तिथियां बढ़ाना जरूरी है। प्रशासन के इस फैसले से हजारों बच्चों और शिक्षकों को सीधा लाभ मिलेगा।