Jabalpur News: वसूली का दबाव, बिजली कंपनी के बडे़ अधिकारी भी उतरे मैदान में ,गोराबाजार-बिलहरी में आधी रात तक चली छापेमारी
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। छह से आठ साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी बकाया बिल जमा नहीं करने वालों पर अब बिजला कंपनी ने फोकस किया है। वसूली का इतना दबाव है कि मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सिटी सर्किल के मुख्य अभियंता को खुद छापामार टीम में शामिल होकर घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों में दबिश देने पड़ रही है। वहीं छापेमारी के दौरान बिजली कंपनी के अधिकारियों के सामने कई चौंकाने वाले रहस्य भी आए।
गुरूवार की देर रात मुख्य अभियंता एसके गिरिया के नेतृत्व में जांच टीम ने गोराबाजार और बिलहरी क्षेत्र में ऐसे बकायदारों के घर में दबिश दी, जिनके बिजली कनेक्शन कटे जाने के बाद भी बिल भुगतान नहीं हुए। जिसके बाद जांच टीम यह देखना चाहती थी कि आखिर आठ से दस साल से अखिर कोई व्यक्ति बिना बिजली के जीवन कैसे काट रहा होगा। इस रहस्य से पर्दा गोराबाजार के भोंगाद्वार के गणेश प्रसाद के घर पहुंचते ही उठ गया।
बिजली कंपनी के रिकार्ड के मुुताबिक गणेश प्रसाद के घर का बिजली कनेक्शन 2022 में करीब 96 हजार रूपए बिल बकाया होने के चलते काट दिया गया था। लेकिन इसके बाद भी टीम को घर में लाइट जलती हुई मिली। पतासाजी करने पर पता चला कि गणेश प्रसाद के घर में चोरी की बिजली जलाई जा रही थी। इसी प्रकार टीम ने बिलहरी चेतना मैदान में दबिश दी।
यहां बिजली बिल बकाया होने पर छह साल पहले एक घर का कनेक्शन काट दिया गया था,लेकिन जब टीम मौके पर पहुंची तो डायरेक्ट विद्युत पोल से घर को रोशन होता पाया। उक्त मकान में लगे विद्युत कनेक्शन पर करीब एक लाख 35 हजार रूपए बिजली बिल बकाया है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए - https://www.instagram.com/reel/DW67NJUgWG-/?igsh=MWp1OWhlcHV1Zmtnaw==
अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा ने बताया कि शहर में अभियान के तहत लगभग 30 टीमों को शहर भर में उतारा गया था, जिसमें करीब 30 अधिकारी एवं 100 कर्मचारी शामिल थे। जहां बिजली चोरी मिली वहां पर बिजली विभाग ने विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 और 126 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।