Jabalpur News: रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला युवक का शव, पुलिस जुटी शिनाख्ती में

Jabalpur News: रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला युवक का शव, पुलिस जुटी शिनाख्ती में

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गोसलपुर-देवरी रेलवे खंड के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रैक के किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी तब हुई जब रेलवे के पॉइंट्समैन दिनेश काछी ने दोपहर के समय पुलिस को ट्रैक के पास एक शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है, जिसके सिर और हाथ पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला किसी चलती ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। ​हादसे के बाद युवक का शव झाड़ियों के बीच जा गिरा था, जिसके कारण पिछले चार-पांच दिनों से किसी की नजर इस पर नहीं पड़ी। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ने लगा था, जिसे अब पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस को मृतक के पास से पहचान से जुड़ा कोई भी दस्तावेज या सामग्री बरामद नहीं हुई है, जिससे उसकी शिनाख्त फिलहाल एक पहेली बनी हुई है। पुलिस अब राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के सहयोग से मृतक की पहचान जुटाने में लगी है और आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।