Jabalpur News: रिंग रोड साइड पर हादसा, भारी भरकर रोड़ रोलर की चपेट में आया युवक
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सोमवार को रिंग रोड निर्माण कार्य के दौरान बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। अमझर में रोड रोलर के नीचे आने से एक मजदूर की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर में रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत VRS कंपनी द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है।
इसी दौरान अनियंत्रित रोड रोलर की चपेट में एक श्रमिक आ गया। मजदूर की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी सुभाष ऋषि के रूप में हुई है। वह सड़क पर पत्थर जमाने का काम कर रहा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुभाष के कान में ईयरफोन लगे हुए थे, तभी पीछे से आए अनियंत्रित रोड रोलर ने उसे कुचल दिया।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।