Jabalpur News: मोबाइल टाॅवर पर चढ़ी महिला, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपनी मांगों को लेकर अचानक मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। महिला को इतनी ऊंचाई पर चढा देख आस-पास के लोगों के होश उड़ गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद ग्रामीणों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस महिला को मोबाइल टावर से उतारने का प्रयास किया।
पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले महिला से बातचीत करने की कोशिश की और उसे नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और प्रशासन के आश्वासन के बाद आखिरकार महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
महिला की पहचान सोनम मल्लाह (पति किशन मल्लाह) के रूप में हुई है। सोनम का गंभीर आरोप है कि उसके बड़े पिता के बेटों, संतोष मल्लाह और गोपाल मल्लाह ने स्थानीय व्यवसायी किशन जनवानी के साथ सांठगांठ कर उसकी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
इधर,एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि उक्त महिला की मनसकरा में जमीन है जिसकी रजिस्ट्री उसने किसी को कर दी है। अब महिला चाहती है कि जमीन उसे वापस मिल जाए, वहां कोई भी कब्जा न लें। जो कि वैधानिक रूप से संभव नहीं है,इसी बात से नाराज़ हो कर दबाव बनाने महिला टावर पर चढ़ गई है।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DZHhmzbx4JV/?igsh=MW9qYnltdDVqM3ZoYw==