Jabalpur News: ‘मिले हाथ’छोड़ कर्मचारी नेताओं ने थामा ‘हथौड़ा’, जीसीएफ में कर्मचारी संगठनों के बीच बड़ी हलचल
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) में कर्मचारी संगठनों के बीच हलचल तेज हो गई है। दरअसल, लंबे समय से भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (मिले हाथ) के बैनर तले कर्मचारियों के लिए संघर्ष कर रहे राजेंद्र वर्मा ने अचानक यूनियन की नीतियों से असहमति जताते हुए अपने अनेक समर्थकों के साथ मजदूर संघ हथौड़ा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
आल इंडिया डिफेंस एम्प्लॉयड फेडरेशन के मीडिया प्रभारी उत्तम विश्वास ने बताया कि कर्मचारी हितों की रक्षा एवं श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्षरत मजदूर संघ हथौड़ा को राजेंद्र वर्मा के आने से काफी मजबूती मिलेगी। उन्होने बताया कि राजेंद्र वर्मा भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (मिले हाथ) के वर्तमान जेसीएम काउंसिल सदस्य हैं तथा पूर्व में कार्यसमिति सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
लंबे समय से कर्मचारियों के हितों की अनदेखी एवं श्रमिक समस्याओं के समाधान में विफलता से निराश होकर उन्होंने मजदूर संघ हथौड़ा की नीतियों और कर्मचारी हितों के प्रति उसके संघर्ष पर विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन में शामिल होने का निर्णय लिया। इस अवसर पर मजदूर संघ हथौड़ा के अध्यक्ष विनय गुप्ता एवं महामंत्री रोहित यादव ने राजेंद्र वर्मा का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री वर्मा के अनुभव एवं सक्रिय सहभागिता से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को नई दिशा मिलेगी। राजेंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूर संघ हथौड़ा कर्मचारियों के वास्तविक मुद्दों को मजबूती से उठाने वाला संगठन है तथा कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहा है।
इसी विश्वास के साथ उन्होंने संगठन की सदस्यता ग्रहण की है। मजदूर संघ हथौड़ा के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का द्वार कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करने वाले प्रत्येक कर्मचारी के लिए सदैव खुला है और आने वाले समय में अधिक से अधिक कर्मचारी संगठन की नीतियों एवं कार्यशैली से प्रभावित होकर इससे जुड़ेंगे।