Jabalpur News: मदन महल की 'मनोहर चाय' में बदमाशों ने की तोड़फोड़, दुकान संचालक से मांगा 'हफ्ता'
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। मदन महल स्टेशन रोड स्थित एक लोकप्रिय चाय की दुकान 'मनोहर चाय और अमृततुल्य' पर बीती रात दबंगों ने जमकर तांडव मचाया। घटना रात करीब 12:15 बजे की है, जब दुकान मालिक आयुष गुप्ता अपने परिवार के साथ दुकान बढ़ा रहे थे।
आयुष गुप्ता ने बताया कि इसी दौरान क्षेत्र के ही निक्की, किशन और उनके चार-पांच अन्य साथियों ने शराब के नशे में धुत होकर काउंटर पर खड़ी महिला और ग्राहकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि इन गुंडों ने वहां मौजूद ग्राहकों की बेरहमी से पिटाई कर दी और दुकान में रखा तंदूर, भट्टियां और अन्य सामान तोड़ डाला।
यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। दुकान मालिक आयुष गुप्ता ने बताया कि हमलावरों ने न केवल तोड़फोड़ की, बल्कि उनके बड़े भाई के साथ भी मारपीट की, जो वहां अपनी बाइक खड़ी करने आए थे। उपद्रवियों ने दुकान के तीन-चार सीसीटीवी कैमरे और लाइटें भी तोड़ दीं।
जाते-जाते आरोपियों ने दुकानदारों को धमकी दी कि यदि 9 बजे के बाद दुकान खोलनी है, तो उन्हें हफ्ता (पैसे) देना होगा, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। पीड़ित परिवार ने मदन महल थाना में एफआईआर दर्ज कराई है और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।