Jabalpur News: बरगी नगर में निर्माणाधीन नर्मदा मंदिर के पुजारी की हत्या, जांच में जुटी पुलिस...डाॅग स्क्वायड बुलाया गया
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरगी नगर के पुलघाट क्षेत्र में स्थित नव-निर्मित नर्मदा मंदिर के पास एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मंदिर के पास कुछ समय से अकेले रहकर निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे 65 वर्षीय साधु तारापुरी महाराज का खून से लथपथ शव उनकी कुटिया में मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक बरगी नगर में डैम के पास नर्मदा मंदिर निर्माणाधीन है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जब मजदूर काम करने के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्हें साधु तारापुरी महाराज कहीं दिखाई नहीं दिए। तलाश करते हुए जब वे कुटिया के भीतर गए, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए।
पुजारी का शव जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। मामले की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस सहित क्राइम ब्रांच, एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को साधु के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाना शुरू कर दिया है।
बताया जाता है कि करीब एक साल पहले मृतक तारापुरी महाराज ईश्वरपुरी (सिवनी) बरगी डैम के पास आकर रहने लगे थे। मां नर्मदा के भक्त होने के कारण यहीं रहने लगे थे। स्थानीय लोगों की मदद से बांध के किनारे मंदिर का निर्माण करा रहे थे। साधु शुक्रवार को घंसौर में चल रहे एक केस की पेशी पर गए थे और रात में वापस कुटिया लौटे थे।
पुलिस ने बताया कि मंदिर में मौजूद लोगों का कहना था कि मृतका का एक बेटा है, जो कि परिवार के साथ मंडला में रहता है। ईश्वरपुर गांव में उनकी चार एकड़ जमीन है, जिसकी कीमत करीब 70 से 80 लाख है। इसी जमीन को लेकर परिवार के भाईयों और बहनों से विवाद भी चल रहा था। शुक्रवार को सिवनी तहसील में पेशी थी, जिसके चलते तारापुरी महाराज गए थे। बताया जा रहा है कि वहां पर जमीन को लेकर विवाद भी हुआ था।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DXjXH4dEf9x/?igsh=MThxajdqOWdkdnh3cQ==