Jabalpur News: नशे में धूत पिता ने बेटे को दिया धक्का, बेटे ने चाकू घोंपकर उतारा मौत के घाट
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। घरेलू विवाद में 16 वर्षीय किशोर ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
बरेला थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर ने बताया कि देर रात विक्टोरिया अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। वहां मौजूद 40 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि मृतक की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह उसे पत्नी बनाकर अपने साथ रख रहा था।
महिला के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे उसका पति शराब के नशे में घरेलू बातों को लेकर उससे झगड़ा और गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान मृतक की पहली पत्नी के 16 वर्षीय बेटे ने अपने पिता को गाली देने से मना किया। बताया गया कि इस बात पर नाराज होकर पिता ने किशोर को धक्का दे दिया।
इससे गुस्साए किशोर ने घर में रखे चाकू से अपने पिता के सीने पर वार कर दिया। परिजन घायल को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।