Jabalpur News: देर-रात से सुबह तक धधकता रहा युनिटी लाजिस्टिक पार्क, गोदामों में रखी लाखों की सामाग्री जलकर खाक

Jabalpur News: देर-रात से सुबह तक धधकता रहा युनिटी लाजिस्टिक पार्क, गोदामों में रखी लाखों की सामाग्री जलकर खाक

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कटंगी बायपास पर करीब ढ़ाई एकड़ में फैले युनिटी लाजिस्टिक पार्क (वेयर हाउस) में सोमवार की रात 10.30 बजे लगी भीषण आग मंगलवार की सुबह तक धधकती रही। इस हादसे की जद में आए रिलायंस, डेलीवरी और ब्रिटानिया के गोदामों रखा लाखों रूपयों का सामान जलकर खाक हो गया। यह तो गमीनत थी कि आग समीप ही स्थित टॉयर व पेंट गोदामों तक नहीं पहुंची। 

आग इतनी भीषण थी कि आग की लपटें तीन किमी दूर से भी दिखाई दे रही थीं। वहीं धुआं के गुबार से आसमान काला हो गया था। नगर निगम सीमा के बाहर होने के बाद भी आग लगने की सूचना पाकर जबलपुर नगर निगम से तत्काल दमकल वाहनों को रवाना किया। एक साथ करीब एक दर्जन वाहनों ने आग बुझाने मोर्चा संभाला परंतु आग इतनी विकराल थी उसे काबू में करने दमकल कर्मियों के भी पसीने छूट गए।

गोदाम में भरा चावल, गेहूं, दाल, खाद्य तेल व किरानां सामग्री जलकर पूरी तरह से खाक हो गई। लाजिस्टिक पार्क गौतम नाहटा और सिद्धार्थ मेहता का बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही माढ़ोताल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

अग्निहादसे की सूचना मिलते ही महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी मौके पर पहुंचे। उन्होने ने बताया आग का स्वरूप काफी भीषण था। रात में ही यह अंदाजा लग गया था कि आग पर काबू इतनी जल्दी नहीं पाया जा सकेगा। लेकिन दमकल कर्मियों ने बड़ी मश्क्त कर इतना जरूर कर लिया कि आग समीप के अन्य गोदामों तक न पहुंचे।

महापौर ने बताया कि कटंगी से कटनी जाने वाले मार्ग पर स्थित उक्त पार्क में से लगे हुए काफी बड़े क्षेत्र में गोदाम बने हुए हैं। लिहाजा आग बुझाने के लिए सुरक्षा संस्थानों के फायर फाइटर वाहनों को भी बुलाया गया था।

नाइट शिफ्ट के चलते वेयर हाउस में थे मौजूद थे कर्मचारी - डेलिवेरी कंपनी के टीम लीडर मानस तिवारी के मुताबिक शिफ्ट में कुल 150 कर्मचारी काम करते हैं, जिनमें से अब तक 46 की पहचान की पुष्टि हो चुकी है, जबकि नए ट्रेनी कर्मचारियों का डेटा मिलान किया जा रहा है।

एहतियात के तौर पर एसडीआरएफ की मदद से सर्च आॅपरेशन चलाया जाएगा, ताकि मलबे या वॉशरूम में किसी के फंसे होने की आशंका पूरी तरह खत्म की जा सके। आग में लॉजिस्टिक पार्क का डेलिवेरी का करीब 46,000 वर्ग फीट क्षेत्र इसके अलावा ब्रिटानिया का करीब 45 हजार और रिलायंस का 50 हजार एरिया जलकर खाक हो गया। ब्रिटानिया का एक सामान से भरा ट्रक भी नष्ट हो गया। अधिकारियों के अनुसार यहां रखे हाई-वैल्यू स्टॉक के चलते कुल नुकसान का आंकड़ा करोड़ों तक पहुंच सकता है।

एशियन पेंट के वेयरहॉउस सुपर वाइजर ने दी सूचना-- फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि रात्रि करीब 10.30 बजे आग लगने की सूचना एशियन पेंट के सुपरवाइजर ने नगर निगम के दमकल विभाग को दी। सूचना पाकर तत्काल 10 दमकल वाहन रवाना किए गए। परंतु जब तक कटंगी बायपास स्थित लाजिस्टिक पार्क तक दमकल अमला पहुंचता गोदाम में रखी सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी। आग की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है। एक चिंगारी से फैली आग ने पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि गोदाम में खाद्य तेल, चावल, दाल, सहित एफएमसीजी सामान था। तेल के कारण आग तेजी से भड़की की गोदाम के शेड का बड़ा हिस्सा भी गिर गया है। खाद्य सामग्री होने से आग तेजी से फैली है।