Jabalpur News: एम्पायर तिराहा- पेंटीनाका फ्लाई ओवर निर्माण, कैंट बोर्ड, एमपीआरडीसी और रक्षा संपदा के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मंगलवार को एम्पायर तिराहा - पेंटीनाका फ्लाई ओवर निर्माण को लेकर मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन (एमपीआरडीसी), कैंट बोर्ड का इंजिनियरिंग विभाग व रक्षा संपदा विभाग के अधिकारी स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे। संयुक्त टीम ने पूरे निर्माण स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया एवं निर्माण के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। हालांकि की सैन्य अधिकारियों के नहीं पहुंच पाने के कारण संभवतः पुनः स्थल निरीक्षण किया जाएगा।
दरअसल, पूर्व में यह फ्लाईओवर एम्पायर तिराहे से वायएमसीए चौक तक बनाया जाना था, लेकिन अब राज्य शासन ने इसकी लंबाई को बढ़ा दिया है। अब निर्माण गोराबाजार तक होगा। अब सड़क के जिस हिस्से में यह फ्लाई ओवर बनना है, उसमें रक्षा मंत्रालय की सहमति भी जरूरी है। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कार्पोरेशन ने फ्लाई ओवर के नए प्रस्ताव को रक्षा मंत्रालय को दिया था, जिसके बाद मंगलवार को एक ज्वाइंट विजिट तय की गई थी।
उल्लेखनीय है कि पेंटीनाका फ्लाई ओवर जिस सड़क पर बनना है वह रक्षा मंत्रालय के अधीन है। इसमें निर्माण से पहले उसकी अनुमति जरूरी है। अब लागत 44 से 70 करोड़ हो गई पहले छोटा फ्लाई ओवर बनने पर इसकी निर्माण लागत 44 करोड़ थी, जिसको अब बढ़ाकर डेढ़ किलोमीटर कर दिया गया है। लंबाई के साथ अब इसकी निर्माण लागत 70 करोड़ होगी।
इसमें पहुंच मार्ग की लंबाई 283 मीटर होगी। जहां यह रैंप उतरेगा उसकी सर्विस रोड की चौड़ाई 24 फीट रखी गई है। सेतु बंधन योजना में स्वीकृत किया गया यह फ्लाई ओवर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने सेतु बंधन योजना में स्वीकृत किया है। हाल ही में इसकी लंबाई बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया। जिस पर सड़क परिवहन मंत्रालय ने अपनी सहमति दी है।