Jabalpur News: एनसीसी कैंप में फूड प्वाइजनिंग का मामला, केटरिंग एजेंसी पर कसा शिकंजा...
आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। एयरपोर्ट रोड़, जबलपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी, डिजाइन और विनिर्माण संस्थान (IIITDM) में एनसीसी कैम्प के दौरान कैडेट्स को फूड प्वाइजनिंग होने की घटना प्रकाश में आने पर कलेक्टर जबलपुर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संस्थान का निरीक्षण कर कैडेट्स को परोसे जाने वाले भोजन के निर्माण में उपयोग हुए अवयवी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
इस दौरान किचिन में संग्रहित पनीर, फ्रेजन मटर, दही, दाल, चावल, आटा, बैगन, पत्ता गोभी तथा पीने वाले पानी के नमूने एकत्र कर परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल प्रेषित किए गए हैं।
अवयवी खाद्य पदार्थों गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर अभिहित अधिकारी डॉ नवीन कोठारी के निर्देशानुसार केटरिंग एजेंसी एआरआर ट्रेडर्स, एस.बी.आई. चौक विजयनगर, जबलपुर के विरूद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के अन्तर्गत न्यायालयीन कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी ।