Jabalpur Breaking News: सिंचाई विभाग के खंडहर से ईंट निकलते मजदूर पर गिरी दीवार,मौत

Jabalpur Breaking News: सिंचाई विभाग के खंडहर से ईंट निकलते मजदूर पर गिरी दीवार,मौत

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। बरगी बांध परिक्षेत्र के बरगी नगर में सिंचाई विभाग द्वारा कई वर्षो पूर्व बनाए गए कार्यालय/आवास सहित अन्य निर्माण खंडहर होने पर उसकी सामग्री चोरी करने वाले बीते कुछ दिनों से सक्रिय हैं। विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों की मिलीभगत से ईंट सहित अन्य कीमती सामान चोरी करने/कराने में क्षेत्र के ही एक ठेकेदार का नाम सामने आ रहा है।

आज सुबह अवकाश के दिन उक्त खंडहर निर्माण की ईंट चोरी करने के दौरान एकाएक गिरी दीवार में दबकर एक मजदूर मौत हो गई। सिंचाई विभाग और ठेकेदार के दबाव में बरगी नगर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने के आरोप में मृतक के परिजनों/परिचितों ने हंगामा करते हुए ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सरिता पटेल और थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मौके पर पहुंची बरगी नगर पुलिस को आक्रोशित लोगों ने बताया कि क्षेत्र रहने वाला पटेल ठेकेदार और अन्य कई सालों ने शासकीय निर्माण की चोरी विभागीय लोगों के साथ कर रहे हैं।

खंडहर हो चकुे आवास और कार्यालय की खिड़की, दरवाजे और ईंट निकालकर बेचने का काम लंबे समय से चल रहा है। चोरी करने वाले मजदूरों से ईट सहित अन्य सामग्री ले जाते हैं, जिसे रोकने वाला कोई नहीं है। सुबह करीब 8 बजे मजदूर धनीराम झारिया उम्र 51 साल खंडहर मकान की दीवार तोड़ रहा था, तभी दीवार उस पर भरभराकर गिरी और हादसे में धनीराम झारिया की मौत हो गई। दुर्घटना के ट्रेक्टर चालक छोटे लाल झारिया मौके पर मौजूद था।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DWLeEaVEa-2/?igsh=b3lsZTZldDhyOW5h

बताया जाता है कि ट्रेक्टर उसी पटेल ठेकेदार का है। चालक छोटे लाल ने बताया कि सेठ ने कहा कि खंडहर की दीवार की ईंट निकालकर ले आओ। ईंट निकाल रहे थे, तभी दीवार गिरी और धनीराम उसमें दब गया, चंद मिनिट में उसकी मौके पर मौत हो गई। मलबा हटाते हुए धनीराम को बाहर निकालकर उसकी लाश घर ले आया।