Jabalpur News: नेपाली नागरिक 2019 में कैसे बन गया कैंट विधानसभा का मतदाता ,जांच शुरू

Jabalpur News: How did a Nepali citizen become a voter of Cantt Assembly in 2019, investigation begins

Jabalpur News: नेपाली नागरिक 2019 में कैसे बन गया कैंट विधानसभा का मतदाता ,जांच शुरू

आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। एक नेपाली नागरिक जबलपुर आया और फर्जी दस्तावेजों के सहारे कैंट विधानसभा का मतदाता बन गया। वहीं खुद को भारतीय बता पासपोर्ट भी हासिल कर लिया। इस मामले के खुलासे के बाद दिल्ली से लेकर जबलपुर तक हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, काठमांडू जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे एक युवक को सुरक्षा एजेंसियों ने जांच के हिरासत में लिया था।

पूछताछ के दौरान उक्त युवक ने खुद को जबलपुर निवासी दीपक थापा बताया, लेकिन दस्तावेजों की पड़ताल में बड़ी जालसाजी का पर्दाफाश हो गया। सबसे हैरत की बात यह कि आरोपी का नाम 2019 की मतदाता सूची में शामिल हैं। दिल्ली निर्वाचन आयोग से मिले निर्देश के बाद जबलपुर जिला ने बुधवार को सिविल लाइंस थाना में आरोपी नेपाली नागरिक दीपक थापा के विरुद्ध एफआइआर पंजीबद्ध की गई है।

बताया जाता है कि आरोपी दीपक थापा कुछ वर्षों पूर्व नेपाल से भारत पहुंचा। वह जबलपुर आया और यहां उसने सिविल लाइन के पवित्र अपार्टमेंट में निवास बताते हुए अपना नाम केंट विधानसभा क्रमांक 99 की मतदाता सूची में दर्ज करा लिया। जिसके आधार पर उसने भारत के नागरिक होने संबंधी अन्य आवश्यक अभिलेख भी तैयार करा लिया। जिसमें भारतीय पासपोर्ट भी शामिल है।

 रांझी एसडीएम रघुवीर सिंह ने बताया कि नेपाली मूल के नागरिक को भारतीय पासपोर्ट के साथ पकड़े जाने पर दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने भारत निर्वाचन आयोग को सूचित किया। जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने जबलपुर जिला प्रशासन से मामले में जानकारी मांगी थी। गड़बड़ी की जानकारी लगते ही प्रशासन ने कार्यवाही की है।

खबर से सम्बंधित वीडियो - https://youtu.be/IDzL9yzc7hw

सिविल लाइन थाना में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धाराओं के तहत एफआइआर पंजीबद्ध कराई गई है। जांच में पाया गया है कि उसका नाम 2019 की मतदाता सूची में भी था। लिहाजा उसका नाम कैसे दर्ज हुआ और इसमें किसकी भूमिका रही इसकी जांच कराई जा रही है। इधर, एएसपी सुर्यकांत शर्मा ने बताया कि पुलिस अब आरोपी दीपक थापा की कुंडली खंगाल रही है। उसे सहयोग करने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।