Jabalpur News: युवक की गिरफ्तारी से ख़फ़ा महिला ने थाने पहुंच किया हंगामा, खुद पर उड़ेला ज्वलनशील पदार्थ

Jabalpur News: युवक की गिरफ्तारी से ख़फ़ा महिला ने थाने पहुंच किया हंगामा, खुद पर उड़ेला ज्वलनशील पदार्थ

आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शनिवार को एक चाकूबाजी के मामले में युवक की गिरफ्तारी से ख़फ़ा युवती ने मदन महल थाना पहुंच जमकर हंगामा किया। वहीं पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल लिया।हालांकि इस दौरान थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस स्टाफ ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवती को समझाइश दी और किसी भी अनहोनी को टाल दिया।

बताया जा रहा है कि गुप्ता नगर निवासी जयंती नामक युवती सितंबर 2025 में हुई एक चाकूबाजी की घटना से जुड़े मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज थी। इसी मामले में पुलिस ने हाल ही में लकी मरावी नामक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। युवती का आरोप है कि लकी मरावी को गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई।

कुछ देर तक पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद अचानक युवती ने बोतल में लेकर आयी ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर डाल लिया, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया।

उल्लेखनीय है कि स्नेह नगर क्षेत्र में सितंबर 2025 में मान्या ठाकुर नामक युवक पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया था। दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, जबकि तीसरे आरोपी के रूप में लकी मरावी को गिरफ्तार किया गया।