Jabalpur News: बरगी बांध में डूबा क्रूज निकाला गया बाहर, ओएफके कर्मी सहित तीन लापता... सीएम पहुंचे मृतकों के घर
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गुरुवार को बरगी डेम में अथाह जलराशि में पर्यटकों से भरा पर्यटन विभाग का क्रूज तूफान में लहराते हुए डूब गया था।जिसे आज शुक्रवार को लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाल लिया गया है। वहीं क्रूज में सवार आयुध निर्माणी खमरिया (ओएफके) के श्रमिक नेता कामराज आर्य और उनके बेटे तमिल व 9 वर्षीय बच्चे मयूरन एवं छह वर्षीय बच्चा अभी भी लापता हैं। अब गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश बरगी बांध में की जाएगी।
इधर, इस दर्दनाक हादसे में मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जबलपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ यादव वेस्ट लैंड स्थित ओएफके कर्मचारी नेता कामराज आर्य के घर भी पहुंचे। इस हादसे में उक्त परिवार ने अपने पांच सदस्यों को खो दिया है। वहीं दो अभी लापता हैं।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव साउथ सिविल लाइन भसीन रेसीडेंसी स्थित सैयद रियाज हुसैन के निवास पहुँचकर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रेशमा सैयद के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सैयद रियाज हुसैन से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया। उप मुख्यमंत्री एवं जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा के नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन भी मुख्यमंत्री के साथ थे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने परिवारजनों से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की। श्रीमती रेशमा सैयद का कल गुरुवार की शाम बरगी में क्रूज दुर्घटना में निधन हो गया था।
बताया जाता है कि रात तीन बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आज सुबह करीब 6 बजे से पुन: रेस्क्यू शुरू किया गया था। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह सुबह घटना स्थल पूरे समय मौजूद रहे। वहीं डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा व नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार भी बरगी बांध के हादसे वाली जगह पहुंचे। गौरतलब है कि जबलपुर में बरगी बांध के मेकल रिसॉर्ट के पास गुरूवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया था। तेज आंधी में पानी मेें चलता हुआ पर्यटकों से भरा कू्रज अनियंत्रित होकर पलट गया।
खबर से संबंधित वीडियो देखिए -
https://www.instagram.com/reel/DXy_RAtxqH6/?igsh=OWViaW92Z3M3dndw
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि 28 पर्यटकों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। 9 शव दस्तयाब कर लिए गए हैं। शेष 4 की तलाश जारी है।