Jabalpur News: घर में मिली युवक की लाश, हाथ की नस कटी, धनवंतरी नगर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। धनवंतरी नगर क्षेत्र में एक युवक की लाश घर में संदिग्ध परीस्थितियों में मिली है। परिजनों का कहना है कि युवक की हत्या की गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची धनवंतरी पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक धनवंतरी नगर के श्यामनगर निवासी सुरेंद्र कुमार उम्र 28 साल की लाश घर में मिली है। जो एक पूर्व सरपंच के मकान में केयरटेकर का कार्य करता था। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक का शव कमरे के भीतर बेड के नीचे खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है।
मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों के अनुसार मृतक के गले में गमछा कसा हुआ था, जबकि हाथ की कलाई पर भी गहरे कट के निशान दिखाई दिए। कमरे के भीतर और आसपास खून फैला हुआ था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या से पहले संघर्ष भी हुआ होगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी।
परिवार के लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। देर रात मकान और उसके आसपास आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्य मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।