Jabalpur News: बिजली बिल जमा नहीं करने पर घर का फ्रिज हुआ कुर्क, बिजली कंपनी की सख्ती शुरू

Jabalpur News: बिजली बिल जमा नहीं करने पर घर का फ्रिज हुआ कुर्क, बिजली कंपनी की सख्ती शुरू

आर्य समय संवाददाता जबलपुर। बिजली कंपनी ने अब बिल बकायेदारों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, समाधान योजना के बाद भी कुछ बकायादार बिल जमा नहीं कर रहे हैं, ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ विभाग ने कुर्की की कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को टीम ने ठक्कर ग्राम में दो बकायेदारों के घर पहुंचकर घरेलू सामान जब्त कर लिया।

बिजली विभाग की टीम ठक्कर ग्राम स्थित रोशन जमीर और अजय शर्मा के घर पहुंची। रोशन जमीर पर 62,582 रुपए और अजय शर्मा पर 27,081 रुपए का बकाया था। कई बार नोटिस और समझाइश के बाद भी भुगतान नहीं करने पर विभाग ने उनके घर से फ्रिज, टीवी और बाइक कुर्क कर ली।

अधिकारियों के मुताबिक रोशन जमीर ने अगस्त 2018 के बाद से बिजली बिल जमा नहीं किया था। उन्हें कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन उन्होंने अनदेखी की। इसके बाद धारा 147 के तहत कार्रवाई करते हुए कुर्की की गई। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि समाधान योजना के तहत उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है, जिसमें कम राशि में बकाया निपटाने का मौका मिलता है।

इसके बावजूद कई उपभोक्ता लंबे समय से भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिससे बकाया राशि लगातार बढ़ती जा रही है। विभाग ने ऐसे सभी बकायेदारों को चिन्हित कर लिया है, जिन्होंने लंबे समय से बिल जमा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी उपभोक्ताओं के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

खबर से संबंधित वीडियो देखिए -

https://www.instagram.com/reel/DXMC0XfEfCf/?igsh=MThndjQ4bWJnZHdtbw==