आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। थाना खमरिया क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर-घाघा मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हार्वेस्टर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की अकाल मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2026 की रात्रि करीब 08:15 बजे सोनपुर मोड़ से घाघा रोड पुलिया के पास यह हादसा हुआ। सुनील कुमार कुशवाहा (निवासी ग्राम डूंडी पिपरिया) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके परिचित कार्तिक कुशवाहा, अंकित गोठिया और रंजीत कुशवाहा मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोनपुर से घाघा की ओर जा रहे थे।
उसी दौरान विपरीत दिशा (घाघा की तरफ) से आ रहे एक हार्वेस्टर (क्रमांक MP 04 DB 2535) के चालक ने बेहद तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें तत्काल ओएफके अस्पताल खमरिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद 25 वर्षीय कार्तिक कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अंकित गोठिया और रंजीत कुशवाहा को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई-
घटना के बाद थाना खमरिया पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर हार्वेस्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Continue With Google
Comments (0)