आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती में दिवाली की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल कुल 10 आरोपियों में से मुख्य आरोपी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है, जबकि फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, नई बस्ती निवासी प्रिंस चौधरी और कार्तिक चौधरी के बीच पहले से पुराना विवाद चला आ रहा था। दिवाली की रात जब कार्तिक चौधरी अपने दोस्त कुणाल पासी के साथ वहां से गुजर रहा था, तभी पुराने विवाद को लेकर प्रिंस चौधरी से उसका आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि प्रिंस चौधरी और उसके 9 अन्य साथियों (कुल 10 युवकों) ने मिलकर कार्तिक और कुणाल पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

आरोपी और मृतक दोनों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात का मुख्य आरोपी प्रिंस चौधरी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास (धारा 307), अड़ीबाजी (धारा 327) और चाकूबाजी व मारपीट (धारा 324) सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक कार्तिक चौधरी भी पूर्व में हत्या के एक मामले में सजा काट चुका था और वर्तमान में जमानत (बेल) पर बाहर था।

सीन रिक्रिएशन के दौरान परिजनों का आक्रोश
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए 7 आरोपियों को लेकर घटनास्थल पर सीन रिक्रिएशन (घटना का नाट्य रूपांतरण) किया। इस दौरान आरोपियों को मौके पर देखकर मृतक के परिवार की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर आक्रोश व्यक्त किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया।

3 फरार आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल हर्षित, कन्हैया और एक अन्य युवक अभी फरार हैं। पुलिस को इनके संबंध में अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही इनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।