आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक और आरोपी दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गोरखपुर के सेटी नगर (एसएफसीआई के पास) निवासी आदित्य उर्फ अड्डू बेन (24 वर्ष) का इलाके के ही केशू बेन से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान केशू बेन ने आदित्य पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार मृतक आदित्य और आरोपी केशू बेन दोनों ही क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाश रहे हैं। दोनों के खिलाफ थाने में पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केशू बेन को अभिरक्षा में ले लिया है और घटना के सटीक कारणों व पूरे घटनाक्रम को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर में लगातार हो रही चाकूबाजी और हत्या की वारदातों ने स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के बीच बढ़ते विवाद और हथियारों के खुले इस्तेमाल ने पुलिस की निगरानी और निवारक कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।