आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के व्यस्त इलाके तुलाराम चौक के पास अंधेरदेव मेन मार्केट में स्थित विनोद जरी गोटा वाला, शुभम मगोड़ा के बाजू में में भीषण आग लग गई। घटना के संबंध में स्थानीय निवासी हिना परसवानी ने बताया कि आग लगभग 3:30 बजे के आसपास बहुत ज्यादा तादाद में फैली थी, जिससे आसपास के लोगों को भी जान-माल और खतरे की आशंका सता रही थी। मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुँचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
फायर ब्रिगेड चालक अजीत सौंधिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फायर स्टेशन को रात करीब 3:15 बजे तोलाराम चौक के पास आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर एक गाड़ी रवाना की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक और दमकल गाड़ी और बाद में तीन पानी के टैंकर भी बुलवाने पड़े, तब जाकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत (3:15 बजे से 4:15/4:00 बजे तक) के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
दुकान के संचालक विनोद कुमार ने बताया कि उनकी दुकान 'विनोद जरी गोटा वाला' अंधेरदेव मेन रोड पर स्थित है, जहाँ जरी, लेसेस और डोरी का थोक और फुटकर काम किया जाता है। उन्हें पुलिस के द्वारा लगभग 3:10 बजे फोन पर आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने से दुकान का चौथा फ्लोर पूरी तरह जल गया है और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। जिसका सटीक आकलन दुकान की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। नुकसान के आकलन और कारणों की पूरी जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)