आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। दीपावली के पावन पर्व पर जहां एक ओर लोग अपने घरों को दीपों और दीपमालाओं से सजाकर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं, वहीं इसके अगले दिन गोवर्धन पूजन पर पशुधन के प्रति सम्मान और प्रेम की एक अनूठी परंपरा देखने को मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहर के रांझी इलाके में सोमवार की शाम ऐसा ही एक विहंगम और मनमोहक दृश्य देखने को मिला, जहां मवेशियों को दुल्हन की तरह सजाया गया।

घंटी, मोरपंख और 'गड़ा' से सजा पशुधन
गोविन्द यादव ने बताया कि रांझी में गोवर्धन पूजन के अवसर पर पशुपालकों ने अपने गाय, बैल और भैंसों को सुबह से ही नहला-धुलाकर तैयार किया। इसके बाद उनका आकर्षक श्रृंगार किया गया। मवेशियों के सींगों पर गेरू और रंगों से चित्रकारी की गई तथा उन पर विशेष मालाएं बांधी गईं। गले में 'गड़ा' नामक पारंपरिक माला पहनाई गई, जिसमें छोटी-छोटी घंटियां और रंग-बिरंगे सीसे के नग जड़े हुए थे। कई पशुओं के पैरों में घुंघरू भी बांधे गए, जिनकी छन-छन से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा।
​

पशुओं के साथ खेली होली, उतारी आरती
​आशीष यादव एवं राजा ठाकुर ने बताया कि शाम के समय विधिवत गोवर्धन पर्वत बनाकर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद पशुपालकों और स्थानीय लोगों ने सजाए गए मवेशियों का पूजन किया, उन्हें खिचड़ी व मिष्ठान का भोग लगाया और उनकी आरती उतारी। पूजन के बाद युवा और बच्चे गायों व अन्य पशुओं के साथ खेलते नजर आए। यह दृश्य क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
​प्राचीन परंपरा आज भी जीवंत
​स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भारतीय संस्कृति में प्राचीन काल से ही गोधन (पशुधन) को सुख, शांति और आर्थिक समृद्धि का प्रतीक माना गया है। आधुनिकता के इस दौर में भी यह परंपरा ग्रामीण और शहरी सीमाओं से परे पूरी जीवंतता के साथ कायम है। पशुपालकों के अनुसार, दीपावली और गोवर्धन पूजा का यह पर्व हमें प्रकृति और मवेशियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है।