आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मुंडी टोरिया में चूल्हे पर खाना बनाते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ 40 वर्षीय महिला सरस्वती कोल की साड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे वह करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गईं। संकट की इस घड़ी में 'डायल 112' की टीम ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए त्वरित मदद पहुंचाई।
एम्बुलेंस न मिलने पर पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद परिजनों द्वारा 108 एम्बुलेंस से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। ऐसे में सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
घटना के संबंध में सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद डायल 112 में तैनात हेड कांस्टेबल हरिओम तिवारी और पंचेश्वर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां देखा कि 40 वर्षीय महिला सरस्वती कोल बुरी तरह झुलस गई थीं।
समय पर इलाज मिलने से महिला सुरक्षित
पुलिस टीम ने बिना एक भी पल गंवाए झुलसी हुई महिला को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया। सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि समय पर उपचार उपलब्ध हो जाने के कारण महिला अब पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल रांझी पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Continue With Google
Comments (0)