आर्य समय संवाददाता जबलपुर। सिविल लाइन थाना अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में स्थित क्वार्टर 5-सी में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक प्रधान आरक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक आरक्षक की पहचान सुरेश चौधरी के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन में पदस्थ थे।
घटना की जानकारी तब हुई जब पिछले दो दिनों से क्वार्टर का दरवाजा बंद था और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। संदेह होने पर पड़ोसियों ने खिड़की की ग्रिल तोड़ी और अंदर प्रवेश किया, जहां आरक्षक मृत अवस्था में पड़े मिले।
घटना के समय प्रधान आरक्षक घर पर अकेले थे। त्योहार के सिलसिले में उनका पूरा परिवार गांव गया हुआ था। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक सुरेश चौधरी की घर के अंदर मृत्यु हो गई है। घटना के समय वे घर पर अकेले थे और उनका परिवार त्योहार में बाहर गया हुआ था। दरवाजा अंदर से बंद था। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वे अत्यधिक शराब पीने के आदी थे और घटना से दो दिन पहले भी उन्होंने शराब पी थी।
फिलहाल जहर या अन्य किसी वस्तु के सेवन की पुष्टि नहीं हुई है। मौत की असल वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
Continue With Google
Comments (0)