आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए 17 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या करने वाले सभी 7 आरोपियों को हनुमानताल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में 4 बालिग और 3 नाबालिग (विधि विवादित बालक) शामिल हैं। सभी आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद नागपुर भागने की फिराक में आईएसबीटी (ISBT) बस स्टैंड के पास छिपे हुए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 5 चाकू और बिना नंबर की 3 गाड़ियां (दो बाइक और एक स्कूटर) भी बरामद कर ली हैं।

क्या है पूरा मामला-
घटना 15 नवंबर की है। चारखम्बा क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद अशरफ खान ने हनुमानताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने दोस्तों आशिफ, फरहान, सियान और नौशाद उर्फ डी (17 वर्ष) के साथ चारखम्बा बारात घर के पास खड़ा होकर बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर रेहान, मेहराज और एक नाबालिग वहां पहुंचे, जिनके हाथों में चाकू थे। इनके पीछे-पीछे आमीन, जैनुल और एक अन्य नाबालिग भी दौड़ते हुए आए और सभी ने मिलकर नौशाद पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

जान बचाने के लिए नौशाद पास की गली (कुलिया) की तरफ भागा, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और घसीटते हुए बारात घर के नीचे शानू के कबाड़खाने के सामने ले आए। वहां सभी ने उसे घेरकर फिर से चाकुओं से गोदा और जैनुल ने पास पड़ा पत्थर (चीप) उठाकर उसके सिर पर पटक दिया। नौशाद के बेहोश होने पर आरोपी उसे मरा हुआ समझकर चाकू लहराते और धमकाते हुए फरार हो गए। परिजन और दोस्त गंभीर हालत में नौशाद को विक्टोरिया अस्पताल ले गए, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो महीने पुराने विवाद का लिया बदला
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नौशाद के भाई ने करीब दो महीने पहले आरोपी रेहान और जैनुल के साथ मारपीट की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी और इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

ISBT बस स्टैंड से दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। एएसपी (जोन-3) मनीष भारद्वाज और सीएसपी गोहलपुर शशांक सिंह के मार्गदर्शन में हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल की टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर से सूचना मिली कि सभी आरोपी नागपुर भागने के लिए आईएसबीटी बस स्टैंड के पास मौजूद हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सभी 7 आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने इस मामले में 3 नाबालिगों के अलावा जिन 4 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

रेहान अहमद अंसारी (19 वर्ष): निवासी आजाद नगर, मोहरिया

आमीन मंसूरी (21 वर्ष): निवासी मक्कानगर गली नंबर-4, हनुमानताल

मेराज अली उर्फ मेहराज (19 वर्ष): निवासी पुराना पुल हामिद हसन की बाड़ी के सामने, गोहलपुर

जैनुल आब्दीन (20 वर्ष): निवासी गली नंबर-11, आजाद नगर मोहरिया

कब्रिस्तान और श्मशान घाट से बरामद हुए हथियार व वाहन
पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान से 1 चाकू, बिना नंबर की स्प्लेंडर और यामाहा बाइक।कटरा श्मशान घाट से 3 चाकू और बिना नंबर की एक एक्सिस (Axis) स्कूटी। कटरा अधारताल मैदान से 1 चाकू। पुलिस ने चारों बालिग आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है।