आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। वेयर हाउस पर 30 करोड़ रुपये का लोन दिलाने और अनाज का भंडारण कराने का झांसा देकर 30 लाख रुपये हड़पने वाले मुख्य आरोपी को मझौली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा, जबकि दूसरा आरोपी अभी भी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

क्या है पूरा मामला
थाना मझौली में प्रार्थी नरेन्द्र सिंह परिहार (निवासी काकरदेही, सिहोरा रोड, मझौली) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी परिचित देवेन्द्र सिंह ठाकुर (निवासी अभिमन्यू चौक, पनागर) और जितेन्द्र सिंह ठाकुर (निवासी बारासिवनी, बालाघाट) से जान-पहचान थी।

आरोपियों ने नरेन्द्र सिंह को उनकी पत्नी श्रीमती आराधना सिंह परिहार के नाम पर दर्ज 'ओम साईराम वेयर हाउस' पर 30 करोड़ रुपये का लोन पास कराने और वेयर हाउस में अनाज का भंडारण करवाने का झांसा दिया। इसके एवज में दोनों ने 30 लाख रुपये की मांग की, जिसे प्रार्थी ने उन्हें दे दिया।

टालमटोल और धोखाधड़ी
पैसे लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो लोन करवाया और न ही कोई भंडारण शुरू किया। जब प्रार्थी ने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी हीला-हवाली करने लगे और पैसे हड़प लिए।

शिकायत के आधार पर थाना मझौली में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 558/2026 के तहत धारा 316(2), 318(3), 318(4), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और प्रकरण दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी देवेन्द्र सिंह ठाकुर (34 वर्ष) को 17 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी से धोखाधड़ी से जुड़े दस्तावेजों की बरामदगी और विस्तृत पूछताछ के लिए उसे माननीय न्यायालय सिहोरा में पेश किया जा रहा है। वहीं, प्रकरण का दूसरा आरोपी जितेन्द्र सिंह ठाकुर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी मझौली श्रीमती पूर्वा चौरसिया, उप निरीक्षक रघुवीर सरोते, प्रधान आरक्षक आशीष असाटी, प्रधान आरक्षक राम जी पाण्डेय एवं आरक्षक सुनिल कौशल की सराहनीय भूमिका रही।