आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले के ग्राम मंगेली और पिपरिया के बीच आज सुबह करीब 6 बजे बरगी बायां तट की नहर अचानक फूट गई। नहर की दीवार ढहने से पानी का तेज बहाव सीधे आसपास के खेतों की ओर मुड़ गया, जिससे किसानों की तैयार खड़ी धान की फसल पानी में डूब गई है। इस गंभीर लापरवाही के पीछे अवैध खनिज परिवहन करने वाले भारी वाहनों की बेखौफ आवाजाही को मुख्य कारण बताया जा रहा है, जिनकी लगातार धमाचौकड़ी से नहर का तटबंध कमजोर होकर धराशायी हो गया।
मौके पर भयावह स्थिति, जनहानि का मंडराया खतरा
नहर फूटने के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय किसानों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। मौके से सामने आए दृश्यों में नहर का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रहा है, जहां से पानी तीव्र वेग के साथ बाहर बह रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत और धान की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि कटाव और बढ़ता है और प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो फसलों के नुकसान के बाद अब क्षेत्र में जनहानि होने की भी पूरी आशंका है।
कलेक्टर के हस्तक्षेप से रुका पानी, अधिकारियों की जांच पर टिकी निगाहें
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल हस्तक्षेप कर नहर में पानी की सप्लाई बंद करवा दी है, जिससे एक बड़े संकट को फिलहाल टाल दिया गया है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी मौके पर जांच के लिए पहुंचा है। हालांकि, स्थानीय किसानों का स्पष्ट कहना है कि अधिकारी केवल मौके पर आकर औपचारिकता और खानापूर्ति न करें, बल्कि दोषियों और अवैध खनन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इतिहास दोहराने से अन्नदाताओं में भारी आक्रोश
गौरतलब है कि पूर्व में भी इसी तरह नहर टूटने की घटना हो चुकी है। उस समय नहर की मरम्मत के नाम पर लंबी बंदी की गई थी, जिसके चलते पानी न मिलने से किसानों की फसलें पूरी तरह सूख गई थीं। अब एक बार फिर वही इतिहास दोहराए जाने से अन्नदाताओं में भारी उबाल है। किसानों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि उनकी बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा नहीं मिला और समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो उनका आक्रोश सड़कों पर फूटेगा।
Continue With Google
Comments (0)