आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के सबसे व्यस्ततम स्टेशनों में से एक, जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर बुधवार दोपहर करीब 3:55 बजे अचानक भीषण आग लगने से यात्रियों और रेलकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आग पार्सल विभाग के समीप स्थित एक फूड स्टॉल में लगी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।

पार्सल के बंडलों तक पहुंची लपटें, धुएं से भरा प्लेटफॉर्म
घटना के सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आग की ऊँची लपटों ने फूड स्टॉल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद पास ही रखे पार्सल के बंडलों में भी आग भड़क उठी। आग इतनी भयावह थी कि प्लेटफॉर्म-1 की छत और शेड तक घना काला धुआँ फैल गया, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। इस दुर्घटना में फूड स्टॉल और प्लेटफॉर्म का ऊपरी शेड बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है, वहीं कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।

ट्रेन तक नहीं पहुँची आग, टला बड़ा हादसा
जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर एक ट्रेन खड़ी थी और उससे सामान उतारा जा रहा था। आग की लपटें ट्रेन के कोच से महज कुछ ही दूरी पर थीं। गनीमत यह रही कि लपटें ट्रेन तक नहीं पहुँचीं, अन्यथा एक बेहद गंभीर और बड़ा हादसा हो सकता था।

रेस्क्यू ऑपरेशन और जांच के आदेश
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। आग पर काबू पाने और धुएं के बीच यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना के कारणों की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।