आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के कछपुरा मालगोदाम के पास स्थित गणेश नगर इलाके में एक दुकान और घर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।   
प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी के अनुसार, पीड़ित तिवारी परिवार किसी काम से बाजार गया हुआ था और घर व दुकान में ताला लगा था। इसी दौरान आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा। शोर मचने पर मोहल्ले के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत तिवारी परिवार को फोन कर घटना की सूचना दी।   

शटर तोड़कर की आग बुझाने की कोशिश
परिवार के मौके पर पहुंचने के बाद स्थानीय लोगों ने सहयोग करते हुए दुकान का शटर खोला और तोड़ा। अंदर खड़ी दोपहिया गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। एहतियात के तौर पर और शॉर्ट सर्किट के खतरे को देखते हुए मोहल्ले वालों ने बिजली विभाग (MPEB) को सूचना देकर इलाके की बिजली कटवा दी थी। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।   

20 से 25 लाख के नुकसान की आशंका
पड़ोसी के मुताबिक, दुकान में कपड़े, लेडीज आइटम, कॉस्मेटिक्स, जनरल सामान और कुछ सोने के आभूषण रखे हुए थे। इस आगजनी में करीब 8 से 10 लाख रुपये के फर्नीचर सहित कुल 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।