आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने गुरुवार को शहर से तीन संदिग्ध अफगानी नागरिकों को हिरासत में लिया है। तीनों आरोपी फर्जी पासपोर्ट और वीजा के सहारे शहर में अवैध रूप से प्रवास कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों ने इनकी पहचान पूरी तरह गुप्त रखी है। गुरुवार को विक्टोरिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण (मुलायजा) कराने के बाद तीनों को अदालत में पेश किया गया।

चेहरे ढांककर अस्पताल लाई टीम
कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखने के लिए एटीएस की टीम तीनों संदिग्धों के चेहरे ढांककर विक्टोरिया अस्पताल पहुंची। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया के दौरान अस्पताल प्रबंधन को भी सख्त निर्देश दिए गए थे कि संदिग्धों से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी या पहचान सार्वजनिक न की जाए।

दूतावास से साधा जा रहा संपर्क
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्धों की पृष्ठभूमि और दस्तावेजों की गहनता से जांच (पतासाजी) की जा रही है। एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि ये तीनों भारत की सीमा में कैसे दाखिल हुए और शहर में इन्हें किसने पनाह दी। दस्तावेजों के सत्यापन के लिए भारतीय विदेश मंत्रालय और अफगानिस्तान दूतावास से भी संपर्क साधा जा रहा है।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं 6 संदिग्ध
शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर लंबे समय से बनी हुई है। इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने भी शहर की तंग बस्तियों से नाम बदलकर रह रहे 6 अफगानी संदिग्धों को दो अलग-अलग कार्रवाइयों (तीन-तीन करके) में गिरफ्तार किया था। माना जा रहा है कि ताजा गिरफ्तारी के तार भी पुराने नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।