आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले के चरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय छात्र की जान चली गई। मृतक छात्र परीक्षा देने के बाद अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी दोपहिया गाड़ी को टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम पुरानी देवरी निवासी 16 वर्षीय अविनाश ठाकुर के रूप में हुई है। अविनाश हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। घटना के समय वह अपना पेपर (परीक्षा) देकर दोपहिया वाहन से चरगवां की ओर से अपने घर पुरानी देवरी लौट रहा था। इसी दौरान चरगवां क्षेत्र के खूका गांव के तिराहा मोड़ (जमुनिया के पास) मुख्य मार्ग पर एक पिकअप वाहन से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि छात्र ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक के चाचा सीताराम ठाकुर ने बताया कि यह घटना बीते दिन शाम करीब 5 से 7 बजे के बीच की है। अविनाश पढ़ने में होनहार था और परीक्षा देकर घर वापस आ रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह अनहोनी हो गई। इस हादसे के बाद से मृतक के गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी देते हुए चरगवां थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) लालसिंह सेन ने बताया कि जमुनिया गांव के पास खूका तिराहा मोड़ पर पिकअप वाहन और दोपहिया की टक्कर में 16 वर्षीय अविनाश ठाकुर की मृत्यु हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Continue With Google
Comments (0)