आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिले के खमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर घाना गांव में एक किसान दंपत्ति ने अपनी सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खेत के तालाब में पिछले कई दिनों से एक मगरमच्छ के डेरा जमाने से ग्रामीण भारी दहशत में थे, लेकिन बार-बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद तंग आकर किसान दंपत्ति लखपत यादव ने खुद मोर्चा संभाला और खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

सूचना के बाद भी नहीं पहुंची वन विभाग की टीम
ग्रामीणों के अनुसार, सोनपुर घाना स्थित एक खेत के तालाब में मगरमच्छ के आ जाने से आसपास के लोगों का खेतों में जाना मुश्किल हो गया था। इस बात की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई थी, ताकि समय रहते मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर किसी अन्य स्थान पर छोड़ा जा सके। हालांकि, विभाग की सुस्ती और उदासीनता के चलते कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

दंपत्ति ने खुद बिछाया जाल, महिला ने हाथों में उठाया मगरमच्छ
विभाग की इस निष्क्रियता से निराश होकर किसान दंपत्ति लखपत यादव ने अपनी और आसपास के लोगों की सुरक्षा के लिए खुद जोखिम उठाने का फैसला किया। दंपत्ति ने तालाब में योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 4 फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि महिला किसान ने बिना किसी डर के उस 4 फीट लंबे मगरमच्छ को अपने हाथों में उठाया और सीधे वन विभाग के कर्मचारियों तक जा पहुंची। महिला का यह साहस देखकर वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया।

वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे बड़े सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि वन्यजीवों के रेस्क्यू और आम जनता की सुरक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी वन विभाग की है, लेकिन समय पर मदद न मिलने के कारण ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर खुद ऐसे खतरनाक कदम उठाने पड़ रहे हैं। यदि इस दौरान कोई अनहोनी हो जाती, तो इसका जिम्मेदार कौन होता? फिलहाल, यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।