आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर में बिजली बिलों का भुगतान न करने वाले बड़े बकायादारों और लंबे समय से डिफाॅल्टर चल रहे उपभोक्ताओं के खिलाफ शनिवार को बिजली कंपनी ने ताबड़तोड़ और सख्त कार्रवाई की। शहर के सभी कार्यपालन यंत्रियों के नेतृत्व में कनिष्ठ एवं सहायक इंजीनियरों की टीमों ने सघन अभियान चलाकर लगभग 1.5 करोड़ रुपये की बकाया राशि वाले कनेक्शन सीधे खंभे से कटवा दिए। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया और मौके पर ही उपभोक्ताओं द्वारा लगभग 76.29 लाख रुपये की नगद राशि जमा कराई गई।

चारों संभागों में चली कार्रवाई
अभियान के तहत शहर के चारों प्रमुख संभागों में चिन्हित बड़े बकायेदारों और पंचनामा के लंबित मामलों पर शिकंजा कसा गया। शहर संभाग पूर्व के तहत फूटाताल, चांदनी चौक, प्रेम सागर, बहोराबाग, पसियाना, द्वारका नगर, इंदिरा मार्केट और सदर कटंगा के 121 उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की गई। वहीं शहर संभाग पश्चिम में हाथीताल, गोरखपुर, राइट टाउन, उजारपुरवा, महानद्दा और गाजी नगर के 63 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।

उत्तर संभाग में भी सख्ती दिखाते हुए अधारताल, अमखेरा, महाराजपुर, रांझी, बड़ा पत्थर, खम्हरिया, पिपरिया, बापू नगर और मानेगांव के 136 उपभोक्ताओं के यहां लाइन विच्छेदित की गई। इसके अलावा दक्षिण संभाग के वैशाली परिसर पॉलीपाथर, गुजराती कॉलोनी पुरवा, बिलहरी मेन रोड और गढ़ा क्षेत्र में भी बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसा गया।

विजय नगर में 51 पर बिजली चोरी का केस
शहर संभाग विजय नगर के अंतर्गत अस्थायी कनेक्शनों (Temporary Connection) की जांच के लिए विशेष मुहिम चलाई गई। इस दौरान कई बड़े मकानों के कनेक्शनों में भारी अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसके बाद टीम ने कुल 51 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के प्रकरण दर्ज किए।

ककरैया तलैया में हुआ हंगामा, उखाड़ा गया मीटर
लाइन विच्छेदन की इस कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध और हंगामे की कोशिशें भी हुईं। ककरैया तलैया में उपभोक्ता बलवीर कौर (जिनके मकान पर 'उज्जवल सिंह अधिवक्ता' का बोर्ड लगा है) के यहां करीब 46,000 रुपये का बिल बकाया था और वे सालों से मीटर रीडर को रीडिंग भी नहीं लेने दे रही थीं। सूचना मिलते ही अधीक्षण यंत्री संजय अरोरा और कार्यपालन यंत्री आशुतोष ओझा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

इस दौरान घर की महिलाओं को आगे कर विवाद करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया गया। स्थिति से निपटने के लिए तत्काल कंपनी की महिला कर्मचारियों को मौके पर बुलवाया गया, जिसके बाद टीम ने न सिर्फ सर्विस लाइन काटी बल्कि परिसर से मीटर भी उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिया। जांच में सामने आया कि इस एक ही परिसर में चार परिवार रहते हैं और उनके द्वारा एक साल से अधिक समय से बिजली बिल जमा नहीं किया गया था।

पूरे महीने जारी रहेगा अभियान
अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा (जबलपुर) ने स्पष्ट किया है कि नवंबर माह भर बड़े बकायादारों और लंबे समय से बिल न चुकाने वालों के खिलाफ यह अभियान इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे डिफॉल्टर्स के खिलाफ DRA (डिफॉल्ट रिकवरी एजेंसी) के तहत भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।