आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद (स्टेट बार काउंसिल) के पदाधिकारियों के चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। महाधिवक्ता प्रशांत सिंह ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराई। परिषद के कुल 25 निर्वाचित सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई कार्यकारिणी का चुनाव किया।

मतदान के बाद घोषित परिणामों के अनुसार, जबलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र वर्मा ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। वहीं, इंदौर की प्रतिभा वालिया उपाध्यक्ष और ग्वालियर के गौरव मिश्रा कोषाध्यक्ष चुने गए हैं।

तीनों प्रमुख पदों का चुनावी समीकरण और वोटों का गणित:
अध्यक्ष पद: इस प्रतिष्ठित पद के लिए हुए मुकाबले में जबलपुर के शैलेन्द्र वर्मा को 14 वोट प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ग्वालियर के जितेन्द्र शर्मा को 11 वोट मिले। वर्मा ने 3 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

उपाध्यक्ष पद: उपाध्यक्ष पद पर इंदौर की प्रतिभा वालिया ने बाजी मारी। उन्हें 14 मत मिले, जबकि जबलपुर के मनीष तिवारी को 11 मतों से संतोष करना पड़ा।

कोषाध्यक्ष पद: कोषाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला सबसे रोमांचक और कांटे का रहा। ग्वालियर के गौरव मिश्रा ने मात्र एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 13 वोट मिले, जबकि सिंगरौली के अन्नू पटेल को 12 वोट प्राप्त हुए।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी पदाधिकारियों के समर्थकों और अधिवक्ता समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई। महाधिवक्ता प्रशांत सिंह सहित परिषद के सभी सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।