आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हत्या की वारदातों के बाद अब मंडावा बस्ती शिवाजी नगर में चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। आंगनबाड़ी केंद्र के ठीक सामने दिनदहाड़े 6 से 7 बदमाशों ने एक ऑटो चालक को घेरकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुरानी रंजिश और अचानक हमला
घायल युवक अमीन अंसारी के अनुसार, वह उस समय अपने ऑटो पर काम करवा रहा था। इसी दौरान कद्दू खान और हरिओम अपने 6 से 7 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने पीछे से घेरकर अमीन पर अचानक हमला कर दिया और उसे चाकुओं से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर आसानी से मौके से फरार हो गए। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्यप्रणाली और गश्त पर उठे सवाल
इस दुस्साहसिक घटना ने गोरखपुर थाना पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और खुलेआम हथियार लेकर घूमने वाले बदमाशों के हौसलों से स्थानीय लोग खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। क्या पुलिस की कार्रवाई केवल घटना के बाद मामला दर्ज करने तक सीमित रह जाएगी?
घायल युवक की शिकायत पर गोरखपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, बढ़ते अपराधों पर लगाम लगाने के लिए अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इस क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर समीक्षा करने की आवश्यकता है।
Continue With Google
Comments (0)